सम्वेदना के स्वर

यह ब्लॉग उस सनातन उत्सवधर्मिता को जीवित रखने का प्रयास है,

जिसमें भाव रस और ताल का प्रतीक आम आदमी का भा-र-त बसता है.
सम्वेदनाएँ...जो कला, साहित्य, दर्शन, विज्ञान, राजनीति आदि के माध्यम से अभिव्यक्त होती हैं, आम आदमी के मन, जीवन और सरोकार से होकर गुज़रती हैं तथा तलाशती हैं उस भारत को, जो निरंतर लड़ रहा है अपने अस्तित्व की लड़ाई.....

Friday, February 18, 2011

सात ख़ून माफ़


पिछले दिनों मल्टिप्लेक्स में फ़िल्म “नो वन किल्ड जेसिका” देखने गया था. उस फिल्म में एक दूसरी फ़िल्म का ट्रेलर दिखाया गया. वो मेरे लिये उस ट्रेलर का प्रीमियर था, क्योंकि टीवी मैं देखता नहीं, इसलिये टीवी पर दिखाया जाने वाला प्रोमो मैंने नहीं देखा था. ख़ैर ट्रेलर देखते हुये पहले फ्रेम से दूसरे फ्रेम तक जाते जाते मेरे मुँह से निकला कि यह विशाल भारद्वाज की फ़िल्म लगती है. और तब तक ट्रेलर ख़त्म हुआ और पर्दे पर दिखा “सात ख़ून माफ़” – अ विशाल भारद्वाज फ़िल्म.
 
तब सोचा था कि फ़िल्म के रिव्यू तो सभी लिखते हैं, मैं प्रिव्यू लिखता हूँ. सारी जानकारी समेट ली, लेकिन व्य्स्तताओं के कारण लिख नहीं पाया. और देखते देखते आज 18 तारीख हो गई, फ़िल्म के रिलीज़ होने का दिन. ऑफिस से छुट्टी की और फर्स्ट डे, फर्स्ट शो देखने चला गया फ़िल्म सात खून माफ़. मकड़ी, मक़बूल, ओंकारा,कमीने और  इश्क़िया के बाद विशाल भारद्वाज की नई फ़िल्म. बीच में एक और फ़िल्म बनाई थी इन्होंने ब्ल्यू अम्ब्रेला,जो रस्किन बॉण्ड की कहानी पर आधारित थी. फ़िल्म सात ख़ून माफ़ भी उन्हीं की कहानी पर बनी है.
 
चार पन्नों की कहानी सुज़ैन्ना’ज़ सेवेन हस्बैंड्स, को ढ़ाई घण्टे की फ़िल्म में ढ़ालकर एक बेहतरीन कहानी पर्दे प्रस्तुत करना विशाल भारद्वाज के बस की ही बात है. सुज़ैन्ना का किरदार अदा किया है प्रियंका चोपड़ा ने जो उनके साथ फ़िल्म कमीने में पहले भी काम कर चुकी हैं, एक जवान लड़की से लेकर एक प्रौढ़ औरत तक का सफर प्रियंका ने बख़ूबी निभाया है. यहाँ तक कि एक सीन में प्रियंका की सूजी हुई उँगलियाँ उसकी बढ़ती उम्र को एकदम असलियत का रूप देती है. सुज़ैन्ना के इस सफर में उसके पतियों का रोल निभाया है, नील नितिन मुकेश, जॉन अब्राहम, इरफान खान, अन्नू कपूर, नसीरुद्दीन शाह और अलेक्सांद्र द्याचेंको ने.

कहते हैं एक मकड़ी, एक मकड़े को अपना पति बनाने के बाद उसको मार डालती है, और इसी मकड़ी को औरत का रूप दिया है सुज़ैन्ना के किरदार ने. फ़िल्म में एक जगह सुज़ैन्ना के मुँह से यह भी कहलवाया गया है कि हर औरत के ज़हन में अपनी ज़िंदगी में ये ख़्याल कभी न कभी ज़रूर आता है कि वो अपने पति का ख़ून कर दे. और इस फ़िल्म में वो यही करती है. प्यार की तलाश उसको हर बार एक नये मर्द से मिलवाती है और उस मर्द का वहशीपन और बे‌ईमानी, उससे उनका ख़ून करवाती है. उसके इस चरित्र के पीछे एक कहानी बताई गई है. बचपन में वो पैदल स्कूल जाती थी और उसके स्कूल जाने के दो रास्ते थे, दोनों बराबर. मगर वो जिस रास्ते से जाती थी उसमें एक पागल कुत्ता रहता था, जो उसे डराता था. सुज़ैन्ना ने किसी के भी कहने से अपना रास्ता नहीं बदला और एक दिन अपने बाप की पिस्तौल छिपाकर ले गई और उस कुत्ते को मार डाला. यही थीम भी है फ़िल्म की. सुज़ैन्ना ख़ुद कहती है कि सारे बुरे और बे‌ईमान मर्द मेरी ही किसमत में क्यों लिखे हैं. और उनको सज़ा देने का पाप भी उसके ही सिर आता है.

फ़िल्म के सारे कलाकार मँजे हुए हैं और अपने रोल में समा जाते हैं. फ़िल्म के लोकेशन, फोटोग्राफ़ी, सेट और इन सबके साथ बैकग्राउण्ड म्यूज़िक ने पूरा माहौल जीवंत कर दिया है. कलाकारों के बीच उषा उठुप, विशाल भारद्वाज और ख़ुद रस्किन बॉण्ड को देखना बड़ा सुखद लगता है. उषा उठुप ने तो एक लम्बी भूमिका निभाई है, लेकिन विशाल और बॉण्ड साहब ने अतिथि कलाकार भर का ही का किया है. नसीरुद्दीन शाह के बेटे विवान शाह ने भी बहुत अच्छा काम किया है, बिल्कुल सहजता से. पूरी फ़िल्म के सूत्रधार यही हैं.

फ़िल्म में सन्गीत का भरपूर इस्तेमाल बैकग्राऊण्ड स्कोर में हुआ है, गीतों की आवश्यकता नहीं थी, लेकिन फिर भी गुलज़ार साहब के गीत अच्छे बन पड़े हैं. ओ डार्रलिंग.. पहले ही लोकप्रिय हो चुका है.

इस फ़िल्म की सबसे बड़ी कमज़ोरी है इसकी प्री रिलीज़ पब्लिसिटी. रिलीज़ के पहले ही फ़िल्म की कहानी सबों की ज़ुबान पर है. इसलिये हॉल में रहस्य का तत्व बिल्कुल मौजूद नहीं. लोग एक नये किरदार के आते ही उसके क़त्ल का इंतज़ार करने लगते हैं. सिर्फ यह देखना बाक़ी रहता है कि मौत के लिये सुज़ैन्ना कौन सा तरीका अख्तियार करती है.

मूल कथा से फ़िल्म का अंत अलग दिखाया गया है. लेकिन ये मानना पड़ेगा कि कहानी का अंत बेहतरीन था, जबकि फ़िल्म का अंत समझौता. रस्किन बॉण्ड की कहानी एक रहस्य पर समाप्त होती है जैसा कि सुज़ैन्ना के हर शौहर की मौत के साथ था. लेकिन फ़िल्म में सुज़ैन्ना  का कनफेशन फ़िल्म को मिस्ट्री से बाहर निकालकर एक समझौते की ज़मीन पर खड़ा कर देता है.

फ़िल्म में मनोरंजन बिल्कुल नहीं है. और पूरी फ़िल्म एक अंधेरे साये की तरह चलती है. कहते हैं सुज़ैन्ना को काला रंग बेहद पसंद था, शायद इसलिये.

Tuesday, February 15, 2011

पाचवें खम्बे की अदालत में “सदरे रियासत आई.एम.एफ. सिंह”

अदालत… न्यायालय… कचहरी... प्रजातंत्र का तीसरा और सबसे महत्वपूर्ण खम्बा. लेकिन आम आदमी की राय यही है कि भैय्या थाना और अदालत के चक्कर बड़े ख़राब होते हैं. इनसे तो भगवान बचाए. इसके उलट देश के ख़ास लोग अदालत से ज़रा भी नहीं घबराते. मुस्कुराते हुए जाते हैं और हँसते हुए बाहर आ जाते हैं. पूछिये तो कहते हैं कि मुझे देश की न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है. साल भर पहले हलफनामा दायर करके एक बात कहते हैं और और एक साल बाद दूसरा हलफनामा दाखिल करके बताते हैं कि पहला हलफनामा ग़लत है. साथ में एक घिसा पिटा मुहावरा कि मुझे देश की न्यायपलिका पर पूरा भरोसा है.

आम आदमी पर लौटें तो उसे न्यायालय का मतलब सिनेमा और टीवी पर दिखाई जाने वाली ड्रामाई अदालत लगता है. सिनेमा में बी आर चोपड़ा और टीवी पर रजत शर्मा. आप की अदालत नामक घण्टे भर के प्रोग्राम से इण्डिया टीवी तक का सफर बड़ा लम्बा रहा है.

आईये इस तीसरे खम्बे के बारे में, चौथे खम्बे पर लगा रजत शर्मा का पोस्टर देखकर अब बारी है पाँचवें खम्बे की अदालत की. तो पेश है पाचवें खम्बे की अदालत.

आज का मुक़दमा हम चलाने जा रहे हैं अंधेर नगरी के सदरे रियासते आई.एम.एफ. सिंह पर. आप बहुत ही कम बोलने वाले और बिना इजाज़त नहीं बोलने वाले शासक हैं, दरसल हमारा यह एपिसोड सिर्फ इसलिये लम्बित रहा कि इन्हें बोलने की परमिशन नहीं मिली थी. और अब चुँकि यह बोलने लगे हैं, इसलिये अपनी सफ़ाई ख़ुद देंगे.

तो शुरु होता है “सदरे रियासते अंधेरनगरी IMF सिंह” पर आज का मुक्द्दमा

आरोप नम्बर : 1

आपकी कोई नहीं सुनता ?

डेविल्स ऐडवोकेट : जनता को आपसे सबसे बड़ी शिकायत यह है कि आपके दीवानेख़ास में ही आप की कोई नहीं सुनता? आपके नवरतन भी नहीं! कोई 15% पर सौदा कर रहा है (लोटसनाथ), कोई बेईमानी से लाइसेंस बेच रहा है (स्पेक्ट्रम आजा), कोई मंहगाई में आग लगाने के लिये भड़काऊ बयान दे रहा है (गर्द गंवार)... लोग माल गड़प रहे हैं और आप GDP-GDP का जाप कर रहें हैं, गायत्री मंत्र की तरह।

आई.एम.एफ. सिहं: ना जी ना! ऐसा बिल्कुल नहीं है। मैं कमजोर बिल्कुल नहीं हूं. पिछले चुनाव में एल के बागवानी ने मुझे कमजोर सदर कहा था, अब वो खुद बागवानी करता घूम रहा है। आप समझने की कोशिश करो! अर्थव्यव्था का जब वैश्वीकरण हुआ है तो भ्रष्टाचार भी तो ग्लोबल होगा न ! तुस्सी इतना तो समझदे होंगे। मनीटेक आलूवाला ने एक रिसर्च की है, जिसमें उसने बताया है कि लाखों करोड़ रुपयों के करप्शन का मतलब है 1.5 ट्रिलियन डालर की GDP तो पक्के की हो गयी और तुस्सी समझों की इतनी ही कच्चे की!

हो रहा भारत निर्माण! हो रहा भारत निर्माण!

आरोप नम्बर : 2

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर आप निष्क्रिय रहे हैं ?

डेविल्स ऐडवोकेट : देश का लाखों करोड़ रुपया विदेशी बैंकों में जा रहा है, देश में लाखों करोड़ रुपयों के घोटाले हर रोज़ सामने आ रहे हैं, और तो और घोटालों के तार आपके दफ्तर से भी जोड़े जा रहें हैं। रिआया दबी ज़ुबान में यह भी कह रही है कि आप जब मुल्क के वज़ीरेख़ज़ाना थे तब भी रिकार्ड तोड़ शेयर घोटाला हुआ था। इस बार तो जीरा भांडिया के टेप सरकार के पास 2009 से ही थे तब आप क्यों मौनी बाबा बनकर बैठे हैं?

आई.एम.एफ. सिंह: हो रहा भारत निर्माण! हो रहा भारत निर्माण!

डेविल्स ऐडवोकेट : कमाल है क्या कह रहें है आप?

आई.एम.एफ. सिंह: अब मैं कुछ कहता हूं तो आप कहते हैं कि क्या कह रहें है आप? चुप रहता हूं तो मौनी बाबा! मनीटेक आलूवाला की पहली रिसर्च के बारे में तो मैंने बताया ही है. फिर अर्थशास्त्र की किताबों में भी यही लिखा है। मनीटेक आलूवाला की दूसरी रिसर्च कहती है कि “इंडिया स्टोरी” को कामयाब करने के लिये, अपनी पूंजी को अमेरिका और यूरोप घुमा कर इसी तरह से वाया मारिशस वापस लाया जा सकता है। जिसे आप भ्रष्टाचार कह रहे है, वैश्विक परिदृष्य़ मे उसे अपार्चुनिटिस् कहा जाता है। फिर सबसे बड़ी बात यह है कि “अमेरिका की तरक्की में ही हम सब की तरक्की है।“ ऐसा समझो की जिस तरह सामरिक दृष्टि से कमजोर पाकिस्तान हमारे लिये नुकसानदेह है उसी तरह आर्थिक रूप से कमजोर अमेरिका हमारे लिये ठीक न होगा! “अमेरिका की तरक्की में ही हम सब की तरक्की है।“

आरोप नम्बर : 3

देश में मंहगाई आपके अनर्थ शास्त्र की देन है ?

डेविल्स ऐडवोकेट : विदेशी पूंजी निवेश की जिस औषधि से आप इस देश की गरीबी दूर करने की चिकित्सा कर रहें हैं उसके परिणाम स्वरूप एक दशक में लाखों किसान आत्महत्या कर चुके हैं, बेरोजगारों की संख्या बढ़ती जा रहा ही, शिक्षा और स्वास्थ तो छोड़िये साग-सब्ज़ियां, दूध आदि जरुरत की चीज़े भी आम आदमी की पहुँच से दूर हो गयीं हैं।

आई.एम.एफ. सिहं : देखिये ऐसा दुष्प्रचार हमारे विरोधीयों की चाल है, किसानों के हमने कर्जे माफ करें है, खेती में होने वाले घाटे को देखते हुये किसानों सलाह दी जाती है कि अपनी जमीन किसी बिल्डर को बेच वह मजदूरी करे। इससे उनका स्वास्थ भी बना रहेगा और हमारे उधोगों को सस्ते मजदूर मिलते रहेंगे। हमारी मरेगा स्कीम इसी दूरदर्शी योजना का परिणाम है! हो रहा भारत निर्माण! हो रहा भारत निर्माण!

आरोप नम्बर : 4

आप की आंखों पर अमेरिका का चश्मा चड़ा है ?

डेविल्स ऐडवोकेट : आप पर इलजाम है कि देश की अर्थनीति का सारा जोर इस बात पर है कि 20 करोड़ मध्यमवर्गीय भारतीयों का बाज़ार अमेरिका को कैसे उपलब्ध हो। पहले सीधा गेहूं अमेरिका से आता था वो बन्द हुआ तो अब खाद, बीज और कीटनाशक दवायें सब बहुराष्ट्रीय कंपनियों से खरीदा जा रहा है, देश में शोर मचा है कि हम आत्म निर्भर हो गये। और तो और उस नाभकीय संधि पर आपने सरकार दाव पर लगा दी जो अमेरिका को कई बिलियन डालर का बाजार उपल्ब्ध करायेगी।

आई.एम.एफ. सिहं : देखिये मेरी बात समझने की कोशिश कीजिये। आर्थिक सुधारों की “इंडिया स्टोरी” का सीधा सीधा मतलब है भारत को इंडिया बनना है, आगे चलकर खेती बाड़ी जैसे तुच्छ कामों को अफ्रीकी देशों से करवाना है। ऐसे समझिये कि देश के हर गाँव का सपना क्या है? उसे शहर बनना है। और हर छोटे शहर को दिल्ली-मुम्बई और दिल्ली-मुम्बई को न्यूयार्क-वाशिंगटन! इसीलिये बात घूम फिर के वहीं आ जाती है कि अमेरिका हमारा रोल माडल है, और “अमेरिका की तरक्की में ही हम सब की तरक्की है।“

आरोप नम्बर : 5

आप गरीब आदमी को अनाज बाटने जैसे सवाल पर सुप्रीम कोर्ट से क्यों भिड़ गये ?

डेविल्स ऐडवोकेट : सुप्रीम कोर्ट नें जब यह कहा कि अनाज को गोदाम में सड़ाने से अच्छा है कि उसे गरीबों में मुफ्त बाँट दिया जाये इस बात पर आप सुप्रीम कोर्ट तक से भिड़ गये। क्या आम आदमी सिर्फ वोट माँगने और पोस्टर पर लगने की चीज़ बन कर रह गया है?

आई.एम.एफ. सिंह: इस सवाल का जबाब थोड़ा टेक्निकल है, जिसे एक अर्थशास्त्री ही समझ सकता है न्यायशास्त्री नहीं। जब न्यूनतम समर्थन मूल्य पर हम अनाज खरीदते हैं, तो वह मूल्य सरकार की बैलेंस शीट में जस का तस ही रहता है. बस उसका स्वरूप नकद रुपये से बदलकर वस्तु का मूल्य हो जाता है। लेकिन जैसे ही उसे सस्ते में या मुफ्त में बेचा जाता है तब सरकारी बैलेंस शीट में उस घाटे को लिखना पड़ता है. जिस कारण सरकार का वित्तीय घाटा बढ़ जाता है।

डेविल्स ऐडवोकेट : अब सरकार के वित्तीय घाटे के बढ़ने से आप हलकान हुये जा रहें है और गरीब भूखों मर रहा है उसकी कोई चिंता नहीं?

आई.एम.एफ. सिहं : देखिये विश्व बैंक में काम कर चुके एक अर्थशास्त्री के लिये वित्तीय घाटा सबसे बड़ी चिंता का कारण है, वित्तीय घाटा बड़ा दिखेगा, तो विदेशी पूंजी देश में नहीं आयेगी और यदि विदेशी पूंजी नहीं आयेगी तो हम अमेरिका कैसे बनेगें?

डेविल्स ऐडवोकेट : पर विदेशी पूंजी तो यहां नोट कमाने के लिये ही आयेगी कौन सी हमारे देश की गरीबी दूर करने आयेगी ।

आई.एम.एफ. सिहं : हमें नही भूलना चाहिये कि “अमेरिका की तरक्की में ही हम सब की तरक्की है।“ अब राजमाता से बड़ा तो कोई नहीं हो सकता इस दुनिया में! वो तक मानती हैं कि, हो रहा भारत निर्माण! हो रहा भारत निर्माण!

डेविल्स ऐडवोकेट : हद है, आपकी चाटुकारिता की ! देश का मीडिया जो अभी तक आप पर लट्टू था वह तक आप की नीतियों पर सवाल कर रहा है, ऐसे में अब आप क्या करेंगे?

आई.एम.एफ. सिहं : हमें पता है कि मीडिया को भी अमेरिका बनना है, उनका GDP पीछे कुछ कम हो गया था पर अभी हमने उन्हें कई सौ करोड़ के सरकारी विज्ञापन जारी किये हैं। आल इज़ वैल! हो रहा भारत निर्माण! हो रहा भारत निर्माण!

आज की सुनवाई पर जज साहब का निर्णय :

इस मुक़दमे का फ़ैसला सुनाने के लिये कोई न्यायाधीश नहीं है अदालत में. डेविल्स ऐडवोकेट के अभियोग एवम श्री आई.एम.एफ.सिंह की दलील सुनकर फ़ैसला आपको लेना है. ध्यान रहे कि आपका फ़ैसला मुल्क की सूरत बदल सकता है. और प्रेमचंद जी की मानें तो पंच के पद पर बैठकर न तो कोई किसी का मित्र होता है न शत्रु. तो रखिये हाथ अपने अपने दिल पर और सुनाइये फ़ैसला आज के मुक़दमे पर !

Saturday, February 12, 2011

सफर एक बरस का!

और देखते ही देखते ब्लॉग जगत में “सम्वेदना के स्वर” को एक बरस हो गया!!

पलट कर देखने पर याद आती है, 2009 की नीरा राडिया टेप खुलासों से पहले की दुनिया, जब “व्यव्स्था की अव्यवस्था” से आक्रांत, हम दोनों मित्र अपने हिस्से के 2जी स्पेक्ट्रम का उपयोग, घर-दफ्तर से लेकर दुनिया जहान की बातों पर घंटों बतियाने में किया करते थे। फिल्म, साहित्य, राजनीति और आध्यात्म... हमारी बातें अलिफ़ लैला के किस्सों सी चलती रहतीं और इनमें अखबारों की सुर्ख़ियाँ और एलेक्ट्रॉनिक मीडिया की सनसनीखेज राजनीति और अर्थनीति से प्रेरित पत्रकारिता (जिसे अब हम राडिया-एक्टिव पत्रकारिता कहते हैं) आग में घी का काम करती तथा हमें समय-असमय बेहद उद्वेलित कर देती थी।

इसी दौरान राम गोपाल वर्मा की, अमिताभ बच्चन अभिनीत एक फिल्म आयी “रण” जिसने हमारे कौतूहल को बेहद बढा दिया। फिल्म में मीडिया के सत्ता से हाथ मिला लेने की वास्तविकता को बेहद बेबाकी से कहा गया। अभिव्यक्ति की सता-नियंत्रित यह व्यवस्था हमारी भी दुखती रग थी, जिस कारण चंडीगढ़ और नोएडा के सिनेमाघरों में हमने एक साथ यह फिल्म देखी और एक तरह के कैथार्टिक अनुभव से गुजरे।

कला, साहित्य, राजनीति, अर्थशास्त्र और आध्यात्म...जीवन के विविध रंगों पर किसी बावरे भौरे की तरह हमें मंडराते देख मित्र मनोज भारती (जो पहले से गूंज अनुगूंज ब्लॉग लिखते थे) ने सलाह दे डाली कि ब्लॉग लिखो... बात निकलेगी तो फिर दूर तलक जायेगी! बस फिर क्या था 12 फरवरी सलिल भाई के जन्म दिन से इस ब्लॉग को शुरु करने का मन बना और नाम दिया “सम्वेदना के स्वर.”


“सम्वेदना के स्वर” की इस एक बरस की यात्रा में बहुत से अनूठे अनुभव हुये, सबका विवरण एक पोस्ट में देना सम्भव नहीं है. हाँ, कुछ तो फिलहाल जरूर ही कह डालेंगे, क्योंकि रस्मे दुनिया भी है, मौका भी है, दस्तूर भी है...

शुरुआती दिनों में जब आस-पास देखा तो बहुतों की तरह बेहतर, स्थापित, सम्मानित और अनुभवी ब्लॉगर्स हमने भी उनको माना, जिनके ब्लॉग पर टिप्पणी करने वालों की संख्या बहुत हुआ करती थी. इसके बाद बहुत से प्रोफाईल देखे तो एक शख्स जो बहुत पसन्द आये और संजोग से नोएडा में रहते थे, वो थे बड़े भाई सतीश सक्सेना. उन्होंने अपनी पोस्ट पर किसी को अपना मोबाईल नम्बर दिया था, बस फिर क्या था आपस में मशविरा करके उन्हें फोन कर लिया. जिस शख्स की सिर्फ तस्वीर देखी थी उसकी आवाज़ सुनकर लगा कि कैसे लोग कौन बनेगा करोड़पति में अमित जी की आवाज़ सुनकर घबरा जाते होंगे. चले गये उनसे मिलने और उनसे मिलने के बाद मान लिया कि ब्लॉगजगत में अपना रजिस्ट्रेशन अब हुआ है. बाद में सतीश जी ने हमारे ऊपर पोस्ट लिख दी और हम बस आत्म मुग्ध सी स्थिति में चले गये। इसके बाद एक साल में हमारे रिश्तों में कई उतार चढ़ाव आए. लेकिन हम आज भी उनके मुरीद हैं. क्योंकि हमारा ब्लोग दुनिया से परिचय सतीश जी ने ही करवाया.

हमारी एक पोस्ट दो बीघा ज़मीन पर सोनी गर्ग नाम की एक ब्लॉगर ने लीक से हटकर टिप्पणी की थी. टिप्पणी क्या थी एक सवाल ही खड़ा कर दिया था, एक चुनौती दे डाली थी हमारे आँकड़ों को. बहुत अच्छा लगा यह देखकर कि उन्होंने हमारी पोस्ट को न सिर्फ पढ़ा था, बल्कि उसपर खूब विचार भी किया और कुछ बातों को चैलेंज किया. हमने उस टिप्पणी का जवाब अपनी पिछली पोस्ट के विस्तार में दिया एक नई पोस्ट लिखकर. अपनी बात बिना थोपे, हमने पूछा कि आपको अपने सवाल का उचित उत्तर मिला या नहीं. उन्हें अपने सवाल का उत्तर मिला और हमें मिला एक रिश्ता, सलिल जी की बेटी बन गई सोनी गर्ग और चैतन्य जी को भाई बनाया. इसके पीछे भी एक अजीब घटना हुई. वो सलिल जी को बाबूजी कहती थी और चैतन्य को भाई, उन्हें भी कई लोगों की तरह चला बिहारी के लेखक सलिल और सम्वेदना के स्वर के लेखक सलिल-चैतन्य के सलिल अलग लगते थे. बहुत मुश्किल से उसको समझाया हमने कि दोनों सलिल एक ही हैं.

पण्डित अरविंद मिश्र से हमारा रिश्ता भी अजीब तरह से बना. हमने चाँद पर अपोलो अभियान के विरुद्ध लिखा. देखा उसपर पंडित जी की टिप्पणी नहीं आई. आम तौर पर हम किसी को ज़बर्दस्ती टिप्पणी के लिए आमंत्रित नहीं करते. लेकिन सलिल उनको न्यौता दे आए, यह सोचकर कि वो साईंस ब्लॉग लिखते हैं और वैज्ञानिक विचारधारा वाले व्यक्ति हैं. उनके विचार महत्वपूर्ण होने चाहिये. अगला दिन रविवार का था और जब सलिल भाई ने पंडित जी की टिप्पणी देखी तो सन्नाटे में आ गए. उन्होंने तो न सिर्फ हमारे लेख को नकार दिया था, बल्कि हमारे बारे में कई अजीब सी बातें लिख दीं, जिस कारण शायद पहली बार हम दोनों ने उनका जवाब अलग अलग दिया. नतीजा बहसा बहसी हो गयी. बहरहाल, बहस का नतीजा जो भी रहा हो, आज भी वो पोस्ट हमारी ऑल टाईम हिट पोस्ट है यानि सबसे ज़्यादा पढ़ी जाने वाली पोस्ट है. तब से और उसके बाद से एक रिश्ता बन गया पण्डित जी से. उन्होंने इस सम्बोधन से मना भी किया, मगर हम भी ढीठ - नहीं माने.

समीर लाल समीर, ब्लॉग जगत के अमिताभ बच्चन.. प्रशंसकों की एक लम्बी कतार इनके पीछे. सालों का अनुभव और चोटी पर विराजमान. हर बड़े छोटे ब्लॉग पर टिप्पणी देते और एनकरेज करते नए ब्लॉगर्स को. इतना व्यवहार काफी था किसी दो महीने पुराने ब्लॉगर का मन मोह लेने के लिये. लेकिन तब हमें ब्लॉग जगत के कई व्यवहार मालूम नहीं थे. यह भी नहीं पता था कि यहाँ बिटविन द लाइंस ही बातें लिखी पढ़ी जाती हैं. ऐसी ही किसी बात को सलिल भाई ने अपने लिये समझ लिया और बरस पड़े समीर जी पर. लेकिन इससे कई बातें भी खुलकर सामने आईं. समीर जी विशाल हृदय का भी पता चला और कई अन्य लोगों के असली चेहरे भी दिख गये. इसी बहाने चला बिहारी ब्लॉगर बनने (यह नाम चैतन्य जी ने सुझाया था) वजूद में आया. सलिल भाई आज भी उस ब्लॉग का जनक समीर जी को ही मानते हैं.

सरिता अग्रवाल जी, इन्होंने तो अपने ब्लॉग का नाम हमारे लिये सार्थक कर दिया, ऐसा अपनत्व मिला इनसे. बहुत देर से ये जुड़ीं हमसे, लेकिन ऐसे कि बस अपना बनकर रह गईं. सलिल और चैतन्य को कभी अलग करके नहीं देखा, शुभकामनाएँ दीं तो हमारे बच्चों के नाम भी हमारे साथ जोड़कर. इनके साथ हमारे सम्बंध ब्लॉग, टिप्पणियों और पोस्ट से भी परे थे. सलिल को रात में कमेंट लिखते देख उनका टोकना कि इतनी देर तक जागना ठीक नहीं और मेल करके कहना कि बिटिया बीमार है अमेरिका जाना पड़ रहा है अचानक. क्या आवश्यकता थी यह बात हमें बताने की, सिवा इसके कि एक अपनत्व का सम्बंध है हमसे. अभी बीमार हैं, तबियत में सुधार भी है.

मनोज कुमार, हमसे शुरुआती दौर में जुड़ने वालों में मनोज जी का नाम सबसे पहले आता है. नियमित रूप से ये हमारे ब्लॉग पर आते रहे, जबकि हमने इनके ब्लॉग पर जाना ही दो तीन महीने बाद शुरू किया. उस समय हमें पता ही नहीं था कि एक व्यक्ति कई कई ब्लॉग पर, कई लोगों के साथ मिलकर कैसे लिख लेता है. तब समझ में आया कि मनोज जी के साथ अलग अलग विषय पर सर्वश्री परशुराम राय, हरीश गुप्त एवम् करण समस्तीपुरी जी उनके साथ हैं. एक सम्रर्पित व्यक्ति हैं ये. शायद ब्लॉग जगत के ये दूसरे व्यक्ति हैं जिनके साथ मिलना हुआ. और इन्हीं के साथ मिलना हुआ सर्वश्री कुमार राधारमण, अरुण चंद्र राय, राजीव सिंह आदि से भी. इनका उत्साह वर्धन हमें प्रेरित करता रहा, हमारे अवसाद के दिनों में भी. अब तो बहुत ही मधुर सम्बंध बन गये हैं हमारे बीच. शायद ही उनकी कोई दिल्ली यात्रा हो जब वे सलिल जी से न मिलते हों.

पायाति चरक जी एक विलक्षण व्यक्तित्व, एक पूर्व ब्यूरोक्रैट, एक चिंतक और एक व्यवस्था की अव्यवस्था से लेकर कुव्यवस्था के संक्रमण के गवाह. चैतन्य जी की अचानक उनके साथ हुई मुलाक़ात, शायद हमारी ब्लॉगयात्रा की सबसे महत्वपूर्ण घटना थी. उनका देश की समस्याओं को देखने का नज़रिया, उनके अनोखे और स्वयम् प्रतिपादित सिद्धांत, हमारे लिये जितनी बड़ी उपलब्धि है, शायद व्यवस्था के लिये उतनी ही बड़ी क्षति, जो उनका उपयोग न कर सकी. हम दोनों के लिये पूज्य. चैतन्य जी जब भी कभी गहरे विषाद में घिरे होते हैं, तो उनकी शरण में जाकर ही उनको शांति मिलती है और मिलती है एक शक्ति उस विषाद से लड़ने की!

स्वप्निल कुमार आतिश का ब्लोग हमारी चाँदमारी का सबसे अच्छा अड्डा है, उनकी कविताओं से परिचय होने के बाद से ही वो हमारी परिचर्चा का केंद्र रहे हैं। 25 वर्षीय, बायोटेक के शिक्षार्थी और इतनी गहरी शायरी! सलिल कहते कि इसे गुलज़ार साहब के साये से बाहर निकलना चाहिये (जबकि वे स्वयम् बहुत बड़े गुलज़ार भक्त हैं) और चैतन्य कहते कि यह मीरा बाई की तरह गुलज़ार के प्रेम में आकण्ठ डूबा है. जब सलिल से वो पहली बार मिला तो पैर छुए और सलिल भाई इतने भावुक हो गए कि जब फोन पर इस घटना के बारे में चैतन्य को बताया तो गला भर आया उनका. अपनी सही मंज़िल की तलाश है इस युवक को. हमारा आशीष है कि कामयाबी उसके क़दम चूमे.

अभी और भी ब्लॉग जगत के कितने प्यारे प्यारे लोग और कितनी मज़ेदार घटनायें एक के बाद एक याद आ रहीं है हम दोनों को..सब पर एक-एक पोस्ट लिखने का मन है...सफर तो खैर अब चलता ही रहेगा...

हमारा धन्यवाद और आभार उन सबका जो जुडे है इस यात्रा में....

बोले तो बिन्दास, उपेन्द्र, अविनाश चन्द्रा, प्रवीण शाह, अली सा, राजेश उत्साही, ज़ील (दिव्या), अनूप शुक्ल, रचना दीक्षित, डॉ. अजीत गुप्त,सुरेश चिपलूनकर,देवेंद्र पांडेय, वन्दना, शिखा वार्ष्णेय, क्षमा, गिरजेश राव, डा. अमर कुमार, अंशुमाला जी, कविता रावत, धीरु सिहं, शिवम मिश्रा, केवल राम, प्रवीण पांडेय, विचार शून्य, दिगम्बर नासवा, सोमेश सक्सेना, दीपक सैनी, दीपक बाबा, संजय अनेजा - मो सम कौन, जाकिर अली रजनीश, हंस राज सुज्ञ, संजय भास्कर, नीरज गोस्वामी नमस्कार मेडिटेशन, प्रेम सरोवर, सांझ, खुशदीप सहगल, अजय कुमार झा, पी सी गोदियाल, गिरीश बिल्लोरे, ललित शर्मा, संगीता स्वरूप एवम् पूनम श्रीवास्तव (झरोखा).

[ब्लोगर के साथ चल रही तकनीकि परेशानीयों के कारण हम लिंक उपलब्ध नहीं करा पा रहे है, स्थिति सामन्य होते ही लिंक उपलब्ध कर पायेंगें। यह पोस्ट ब्लोग रोल में दिखायी नहीं दे रही थी, इसलिये दुबारा पोस्ट करनी पड़ी]

Tuesday, February 8, 2011

अव्यवस्था से लड़ता वह अकेला आदमी - डॉ. सुब्रमनियन स्वामी

रवींद्र नाथ ठाकुर के आह्वान “जदि तोमार डाक शुने केऊ ना आशे, तबे एकला चलो रे!” और रवींद्र जैन जी के एक गीत में कही बात कि
सुन के तेरी पुकार,
संग चलने को तेरे कोई हो न हो तैयार,
हिम्मत न हार
चल चला चल, अकेला चल चला चल!

हम लोग इस आह्वान को सुनकर बहुत रोमांचित हो जाते हैं, लेकिन कभी भी किसी अकेले चलने वाले के पीछे चलना पसंद नहीं करते, साथ चलने की तो बात ही दीगर है. एक भेड़ चाल सी मची है. सब भीड़ चाल में हैं, क्योंकि भीड़ में मुँह छिपाना बहुत आसान होता है.

फिर भी एक शख्स है, जो भीड़ से अलग चलता है और इस बात की परवाह भी नहीं करता कि कोई उसके साथ है कि नहीं. सही मायने में “वन मैन आर्मी!!”

15 सितम्बर 1939 को चेन्नै में जन्मे इस व्यक्ति का नाम है डॉ. सुब्रमनियन स्वामी.

डॉ. स्वामी विश्व प्रसिद्ध हार्वर्ड विश्वविद्यालय से सन् 1962 से ही जुड़े हैं, वहीं से उन्हें अर्थशास्त्र में डॉक्टरेट की उपाधि मिली और यह उपाधि भी उनके उस शोध पर जो उन्होंने नोबेल विजेता साईमन कुज़्नेत्स और पॉल सैम्युलसन के साथ मिलकर किया । 1969 में वह हार्वर्ड विश्वविद्यालय में एसोशिएट प्रोफेसर भी रहे। बाद में उन्हें आईआईटी दिल्ली में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर का ओहदा मिला। 1963 में कुछ समय के लिए इन्होनें संयुक्त राष्ट्र सचिवालय में आर्थिक मामलों के सहायक अधिकारी के रूप में भी काम किया।

इसके बाद डॉ. स्वामी 1974 से 1999 तक पाँच बार संसद में चुनकर आए, 1990-91 में नरसिंह राव सरकार में वाणिज्य, विधि एवम् न्याय मंत्री बनें, 1994-96 में श्रम मानक एवम् अंतर्राष्ट्रीय व्यापार कमीशन के अध्यक्ष के रूप में योगदान दिया।

लेखन के क्षेत्र में इनका योगदान लगभग दस से ज़्यादा पुस्तकों का रहा है. इकोनॉमिक ग्रोथ इन चाईना एंड इंडिया (1989) और हिंदूज अंडर सीज (2006) इनमें प्रमुख हैं
डॉ. स्वामी के भाषा ज्ञान का अनुमान इसी बात से लगाया जाता है कि वो चीन की मांदारिन भाषा पर भी महारत रखते हैं। चीन के अर्थशास्त्र पर इनके लेखों का उपयोग माओत्से तुंग के बाद चीनी नेतृत्व की कमान सम्भालने वाले नेता देंग चियओपिंग ने अपने आर्थिक सुधारों को समझाने के लिये किया।

विदेश नीति के क्षेत्र में भारत-चीन, भारत-पाक और भारत-इस्राइल संबंधों को बेहतर बनाने का श्रेय इनको जाता है. उनके प्रयासों का ही परिणाम रहा है कि 1992 में भारत ने इन देशों में अपने दूतावास खोले.

1981 में इनके प्रयासों से भारत-चीन सम्बंधों में सुधार हुआ। उल्लेखनीय है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इन्दिरा गाँधी ने विपक्ष में होने के बाबजूद भी डॉ. सुब्रमनियन स्वामी को चीनी नेता देंग चियओपिंग से बातचीत करने कि लिये चीन भेजा। इनके प्रयासों से कैलाश मानसरोवर का मार्ग चीन ने खोल दिया. तिब्बत जाने वाला यह मार्ग चीनी नेता देंग चियओपिंग ने इस शर्त पर खोलने की इजाज़त दी कि कैलाश मानसरोवर जाने वाले पहले जत्थे का नेतृत्व डॉ. सुब्रमनियन स्वामी करें। डॉ. सुब्रमनियन स्वामी नें इस चुनौती को बखूबी निभाया।

इस्राइल के साथ हमारे देश के संबन्धों के पीछे भी इनके प्रयास रहे। जिन आर्थिक सुधारों को हम भारत का स्वर्णिम सुधार काल कहते हैं और जिसे बाद में तत्कालीन प्रधान मंत्री नरसिंह राव ने लागू किया, उसके ब्लू प्रिंट को तैयार करने में उस सरकार के वाणिज्य मंत्री रहते हुये डॉ. स्वामी के योगदान को भूला नहीं जा सकता।

भारतवर्ष में डॉ. स्वामी की पहचान इमर्जेंसी के दौरान (1975-77) इनके प्रखर विरोध के कारण बनी. इमरजेंसी के दिनों की एक बड़ी हैरत अंगेज़ घटना बताई जाती है. पुलिस में इनका नाम मॉस्ट वांटेड की सूची में था. इसके बावजूद भी वो विदेश चले गये और विदेश में रह रहे भारतीयों को संगठित किया. अगस्त 1976 में वे पुनः भारत आए और संसद में अपनी धमाकेदार उपस्थिति दर्ज कर पुनः अंतर्ध्यान हो गये. वे जताना चाहते थे कि आपातकाल जैसी निरंकुशता की ठोस दीवार में भी सेंध लगाई जा सकती है. श्रीमती गाँधी ने 1977 में चुनाव की घोषणा कर दी, जो शायद स्वामी जी से हार स्वीकार करने की दिशा में पहला क़दम था. तब से स्वामी जी ने राष्ट्रीय हित के लिये जनता को प्रभावित करने वाले हर मुद्देपर अपनी आवाज़ बुलंद की है.

एक सांसद के रूप में इनका कार्यकाल काफी विस्तृत रहा है. 1974 में उत्तर प्रदेश से राज्य सभा के लिए चुने गए, 1977 में उत्तर पूर्व मुम्बई से लोक सभा में, 1988-94 तक पुनः राज्य सभा में उत्तर प्रदेश से, 1988 में मदुरै से लोक सभा में... इनकी सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इन्होंने अपने मतदाताओं का साथ कभी नहीं छोड़ा और हमेशा उनके सम्पर्क में रहे.

यूपीए-2 सरकार अपने शासन के पहले ही साल में जिस तरह से घोटालों, काले धन और मंहगाई डायन के प्रकोप से पीड़ित दिख रही है, उसमें सरकार के लिये सबसे बड़ी समस्या इस समय 2 जी स्पेक्ट्रम घोटाले को लेकर है। कोई और समय होता तो सरकार विपक्ष के हो-हल्ले को “तू भी तो चोर है” कहकर चुप करा देती. परंतु जब 2 जी स्पेक्ट्रम घोटाले पर सुब्रमनियन स्वामी की जनहित याचिका पर कार्यवाही करते हुये सुप्रीम कोर्ट ने प्रधानमंत्री को एफेडेविट फाईल करने पर मजबूर कर दिया, तब मीडिया से लेकर बुद्धिजीवी वर्ग तक, सब हरकत में आये। और अब तो ख़ैर सारा खेल ही खुले में हो रहा है।

दुनिया का दस्तूर है कि मुँह पर दोस्ती और छिपे में दुश्मनी निकालना, लेकिन स्वामी जी का सिद्धांत अनोखा है- मेरे कई उजागर दुश्मन हैं और छिपे दोस्त. उनका कहना है कि उनके मित्र दुनिया भर में फैले हैं और सत्य को उद्धघाटित करने की मुहिम में उन्हें सूचनाएँ उपलब्ध कराते रहते हैं। डॉ. सुब्रमनियन स्वामी की आधिकारिक वेब साइट पर न जाने कितने ही रोचक रहस्योदघाटन हैं, जिन्हें पढकर किसी के भी मुँह से बरबस यही निकलेगा कि “उफ! यह तो विकीलीक्स का भी बाप है!”

आज जब इस देश में हर चीज़ बिकाऊ है, हर चरित्र पर प्राईस टैग लगा है, हर योजनाएँ बिकी हुई हैं और हर नागरिक ख़ामोश है, कोई एक अकेला इस लड़ाई में जुटा है. सम्वेदनहीनता की नींद सोये आज भी कई लोग यही कहते हैं कि यह व्यक्ति सिर्फ एक स्टंट मैन है. लेकिन उनको कौन समझाए कि हर नायक की बहादुरी के पीछे एक स्टंट मैन का ही हाथ होता है. दुष्यंत कुमार के शेर पर हर कोई तालियाँ बजाता दिख जाता है, लेकिन डॉ. सुब्रमनियन स्वामी अकेले ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने अपने हाथों में पत्थर उठा रखा है और 72 वर्ष की उम्र में भी हौसला ऐसा है कि जब तक आकाश में सुराख़ न कर लें, सुस्ताएँगे नहीं.

और अंत में :

डा. सुब्रमण्येम स्वामी बताते हैं कि आम आदमी क़ानून की जानकारी रखने से बचता है और न्याय से वंचित रह जाता है। पेशे से वकील न होते हुये भी डा. सुब्रमनियन स्वामी ने कानून की अनेकों लड़ाईयां लड़ी हैं और लड़ रहे हैं। वह अपनी वकील पत्नी के साथ केस पर मिल कर काम करते हैं। इसलिए उन्हें अक्सर सर्वोच्च न्यायालय जाना पड़ता है। उनके पास संसद का पास है। पर सर्वोच्च न्यायालय में इस पास को मान्यता नहीं दी जाती। इसलिए सर्वोच्च न्यायालय में आसानी से आने जाने के लिए उन्होंने पास प्राप्त करने के लिये आवेदन किया और उसमें खुद को अपनी पत्नी रुक्साना स्वामी (वकील) का क्लर्क बताया। डा. सुब्रमनियन स्वामी के परिवार में पत्नी और दो बेटियाँ हैं। पत्नी रुक्साना सुप्रीम कोर्ट में वकालत करती हैं। दो बेटियों – गीतांजलि स्वामी और सुहासिनी हैदर – में से एक सुहासिनी पत्रकार हैं। वह समाचार चैनल सीएनएन-आईबीएन में वरिष्ठ पद पर हैं।

Tuesday, February 1, 2011

कुत्ते की दुम


हरिशंकर परसाई जी ने अपनी एक व्यंग्य रचना में लिखा था कि राम नाम सत्य है यह उक्ति ऐसी है जिसकी सत्यता पर कोई प्रश्न चिह्न नहीं लगा सकता. किंतु यह बात किसी के विवाह के अवसर पर बोलकर देखो तो लोग बिना पीटे नहीं छोड़ेंगे. अरे भाई क्यों पीटना उस बेचारे को, उसने सच ही तो कहा है कि एक राम का नाम ही सत्य है. और अगर ग़लती से आप कहीं उनके समर्थन में खड़े हुए नहीं कि आप भी पिटे. अब जो आकट्य सत्य है उसके लिये भी लोग स्थान, काल और परिस्थिति की भ्रांतियाँ फैलाये बैठे हैं. कमबख़्त सच ना हो गया कोई विज्ञान का सिद्धांत हो गया कि एन.टी.पी. (नॉर्मल टेम्परेचर प्रेशर) पर ही सही माना जाएगा.

दुनिया बड़ी विचित्र है. अब वो साधु और बिच्छू वाली कहानी तो आप सब ने सुनी होगी. दुबारा नहीं जा रहे हम सुनाने. लेकिन एक संदेह है. ज़रा बताइये कि कुत्ते की दुम टेढ़ी की टेढ़ी, यह मुहावरा साधु के लिये इस्तेमाल किया जाना चाहिये या बिच्छू के लिये? सब के सब कहेंगे बिच्छू के लिये. क्योंकि यह मुहावरा हमेशा टेढ़े लोगों के लिये ही प्रयोग किया जाता रहा है. इसका अर्थ है कि टेढ़े लोग कभी सीधे नहीं हो सकते. इसलिये बिच्छू पर ही लागू होती है यह कहावत, साधु पर हो ही नहीं सकती.

पर हमारे विचार से इसका सीधा सरल अर्थ यह है कि इंसान अपनी आदत से बाज नहीं आता है.  कुत्ते की दुम को नलकी में डालकर चालीस साल ज़मीन में गाड़ दो, जब निकालो नलकी टेढ़ी मिलेगी, पर दुम सीधी नहीं. मगर यही बात तो अच्छे कर्मों वाले व्यक्तियों पर भी लागू होती हैं. साधुओं की भी आदत कहाँ बदलने वाली, बिच्छू के डंक के विष से मर ही जाएँ तभी शायद उसको डूबने से बचाने का प्रयास त्यागेंगे. सोचिये बिच्छुओं की जमात क्या कहती होगी उनके बारे में. यही न कि पता नहीं ये साधु किस मिट्टी का बना है. कुत्ते की दुम है कभी सीधा  नहीं हो सकता.

हमारे एक कॉमन मित्र थे (ईश्वर उन्हें लम्बी उम्र दे, अभी  भी  स्वस्थ हैं, पर मित्र नहीं हैं अब). बेचारे बड़े सज्जन व्यक्ति. उनकी सज्जनता का लोहा सारा मुहल्ला मानता है. गली, मुहल्ले, नुक्कड़ पर कोई भी निरीह जीव कष्ट में दिखा नहीं कि वे द्रवित हो जाते हैं और उसकी पूरी सेवा का प्रबंध करते हैं. सिर्फ यही नहीं इस कार्य में तो वे इंसानों और पशुओं के साथ समान व्यवहार करते हैं. किसी के लिए किसी प्रकार की सहायता को वो हमेशा तत्पर रहते हैं. इतना ही नहीं, सड़क पर दो बंदे लड़ रहे हों तो वहाँ वो बीच बचाव करते दिखेंगे, भले इसमें ख़ुद उनको चोटें आ जाएँ, लेकिन उनके प्रयास में कोई कमी नहीं आएगी. उल्टा हर कोई उनको कह जाता है कि सब कुछ सीखा तुमने, ना सीखी होशियारी.

हमारे पास वो अक्सर बैठा करते थे. और जैसा कि हर बात की शुरुआत के लिये ज़रूरी है, हम पूछ ही बैठते कि और क्या ख़बर है. बस यह हमारे श्रीमुख से निकला अंतिम वाक्य होता. क्योंकि उसके बाद वो खुलकर अपने किसी ताज़ातरीन नेकी की चर्चा छेड़ देते. किसको हस्पताल पहुँचाया, किसकी पिटाई हो रही थी तो झगड़ा निपटाया. कई बार कहा उनसे कि आप ये सब करते हैं तो आख़िर क्या मिलता है आपको. उल्टे कई लोग तो अपकी हँसी उड़ाते नज़र आते हैं.

मगर वो भी अपनी धुन के पक्के थे. लोग लाख कुछ कहें, उनका एक ही मूलमंत्र है कि पीठ पीछे  या खुले आम की जाने वाली बुराइयाँ कोई इंसान के बदन से चिपक थोड़े न जाती है. बल्कि इसी बहाने लोग याद तो रखते हैं. मगर कभी कभी बेचारे बड़े मायूस भी हो जाते. कहते बड़ा दुःख होता है लोगों की बातों से, लेकिन आदत से मजबूर नेकी का कीड़ा ज़िंदा भी तो नहीं रहने देता. सच कहा जाए तो उनके अंदर कोई बुरी लत नहीं, मगर सबसे बुरी लत यही है कि नेकी नहीं छूटती उनसे. जितनी नेकियाँ उतनी नेकियों की कहानियाँ. और ज़्यादातर कहानियाँ उनकी ख़ुद की फैलाई  हुई. उनका मानना था कि कम से कम उनकी नेकियों के बहाने लोग उनको अच्छे आदमी के रूप में याद रखें और उनकी तारीफ करें.

लेकिन अचानक हमारी मामूली सी बात पर उन्होंने हमसे नाता तोड़ लिया. कारण सिर्फ इतना कि उनके किसी किस्से पर अभिभूत होकर हमने बड़े भावविह्वल होकर कह दिया कि आप कुत्ते की दुम हैं सुधरेंगे नहीं. बस इत्ती सी बात पर वो बुरा मान गए!
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...